मंत्री शंभूराज देसाई ने किया ऐलान
मुंबई : महाराष्ट्र विधानसभा में 28 फरवरी को मंत्री शंभूराज देसाई ने ऐलान किया कि मुंबई के खेल मैदान, उद्यान, मनोरंजन मैदान में नशा करते पकड़े जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बीएमसी और मुंबई पुलिस संयुक्त रूप से अभियान चलाएगी और कार्रवाई करेगी।
सार्वजनिक उद्यानों में सुरक्षा व्यवस्था को उन्नत किया जाएगा और महाराष्ट्र पूर्व सैनिक निगम (एमईएससीओ) से कर्मियों को वहां तैनात किया जाएगा।
मंत्री ने इस कार्रवाई की घोषणा क्यों की है क्योंकि 28 फरवरी को विधानसभा में चांदिवली के विधायक दिलीप लांडे, अबू आसिम आजमी, अमित साटम, मुरजी पटेल, मनीषा चौधरी सहित अन्य विधायकों ने शहर के सार्वजनिक उद्यानों में मादक पदार्थों के खतरे का मुद्दा उठाया। सभी ने उद्यानों और खुले स्थानों को नशाखोरी से मुक्त कराने के लिए सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि गार्डन में सुबह सैर करने वालों को दुर्गंध का सामना करना पड़ता है। लोगों को बिखरी शराब की बोतलों और सिगरेट के पैकेटों के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। विधायकों ने सुझाव दिया कि उद्यानों में रात भर बिजली की आपूर्ति की जाए। साथ ही वहां सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने और उसका लिंक स्थानीय पुलिस स्टेशनों को दिया जाए। विधायकों ने दावा किया कि नशा करने वाले लोग सार्वजनिक शौचालयों का भी इस्तेमाल करते हैं और उसे गंदा कर देते हैं।
विधायकों के सवालों का जवाब देते हुए मंत्री देसाई ने कहा कि मुंबई महानगर में कुल 895 उद्यान हैं। सभी उद्यानों में सुरक्षा गार्ड शिफ्ट में काम करते हैं, लेकिन नशा करने वालों की संख्या सुरक्षाकर्मियों से कहीं अधिक है जिससे सुरक्षा संबंधी समस्याएं पैदा होती हैं। उन्होंने कहा कि बीएमसी और पुलिस की ओर से सार्वजनिक उद्यानों और खुले स्थानों पर मादक पदार्थों के खतरे से निपटने के लिए एक संयुक्त अभियान शुरू किया जाएगा।