मुंबई : मुंबई के ओशिवारा इलाके के नालंदा सोसायटी में दूसरी मंजिल पर राइटर और डायरेक्टर नीरज कुमार मिश्रा (45), चौथी मंजिल पर स्ट्रगलिंग मॉडल प्रतीक बैद (29) के फ्लैट में फायरिंग की गई है। इससे इलाके में दहशत व्याप्त है। फायरिंग के बाद दोनों फ्लैट में गोली लगने के स्पष्ट निशान दिख रहे हैं। लोग अंदेशा लगा रहे हैं कि यह हमला सीधे उन पर ही निशाना बनाकर किया है।
घटना की सूचना मिलते ही ओशिवरा पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर को घेर लिया और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि गोली किसने चलाई और किसे निशाना बनाया गया।
डीसीपी जोन-9 दिक्षित गेडाम ने बताया कि नालंदा बिल्डिंग की दूसरी और चौथी मंजिल के फ्लैट में एक-एक गोली लगी है, लेकिन किसी भी सदस्य को चोट नहीं आई।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीम बना दी हैं जो अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही हैं। घटनास्थल पर मौजूद मलबे और निशानों की जांच की जा रही है।
मुंबई पुलिस के वेस्ट रीजन के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, परमजीत सिंह दहिया ने बताया कि इमारत की दूसरी और चौथी मंजिल पर जमीन पर दो प्रोजेक्टाइल मिले हैं। इसके अलावा, दीवार और एक लकड़ी के केस पर भी गोली के निशान पाए गए हैं। पुलिस हर पहलू की गहनता से पड़ताल कर रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।