News24mumbai Desk/मुंबई : महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक भारत में पहली टेस्ला कार खरीदने वाले ग्राहक बने हैं। मुंबई स्थित टेस्ला के शोरूम में उन्होंने मॉडल ‘वाई’ की डिलीवरी ली। मीडिया से बातचीत करते हुए प्रताप सरनाईक ने बताया कि उन्होंने यह इलेक्ट्रिक कार अपने पोते को उपहार में दी है। उन्होंने कहा, “इस गाड़ी को खरीदना राज्य सरकार की पर्यावरण के अनुकूल परिवहन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। मेरा उद्देश्य है कि आम लोग, खासकर युवा वर्ग, इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने के लिए प्रेरित हों।”
प्रताप सरनाईक ने कहा, “यह कार खरीदना कोई बड़ी बात नहीं है, लेकिन पर्यावरण के अनुकूल पहल के तौर पर, परिवहन मंत्री होने के नाते मैंने इलेक्ट्रिक वाहन लिया है। मैंने यह गाड़ी इसलिए खरीदी है क्योंकि आने वाले 10 सालों में हमारा सपना है कि महाराष्ट्र में ज्यादा से ज्यादा गाड़ियां इलेक्ट्रिक हों।”
सरनाईक ने स्पष्ट किया कि उन्हें इस गाड़ी की खरीद में कोई विशेष छूट नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि बच्चे छोटी उम्र से ही सस्टेनेबल ट्रांसपोर्ट के महत्व को समझें और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी अपनाएं।