राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने जारी किया घोषणापत्र
मुंबई : मुंबई महानगरपालिका चुनाव (BMC) में अजित पवार की अगुवाई वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी अकेले चुनाव लड़ रही है। चुनाव को लेकर पार्टी ने बुधवार को घोषणापत्र जारी किया।
महाराष्ट्र के अध्यक्ष सुनील तटकरे ने कहा कि हमें अपनी सीमाओं और हमारी शक्ति के केंद्रों का पूरा एहसास है। फिर भी अपनी एक अलग पहचान के साथ हम चुनाव का सामना कर रहे हैं। मुंबई के तमाम नागरिकों से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को सहयोग देने की अपील है। एनसीपी ने अपने मेनिफेस्टो को ‘अपनी मुंबई-सबके लिए मुंबई’ पर रखा है। पार्टी ने गरीब, मध्यमवर्ग और अमीर सभी को समान अवसर मुहैया कराने का वादा किया है।
राष्ट्रवादी कांग्रेस ने घोषणापत्र में दिव्यांगों के लिए मुंबई मेट्रो मुफ्त करने का वादा किया है। पार्टी ने
पुरानी चॉलों और झोपड़पट्टियों में मुफ्त जलापूर्ति का वादा किया है। इसके साथ ही पार्टी ने सबको साथ लेकर चलने का वादा करते हुए अपने घोषणापत्र को समावेशी करार दिया है। पार्टी ने अध्यक्ष सुनील तटकरे ने कहा कि 265 नगरपरिषदों और नगर पंचायतों के चुनाव संपन्न होने के बाद राज्य की 29 महानगरपालिकाओं के चुनाव हो रहे हैं। इस चुनाव में महायुति के रूप में कोल्हापुर और जलगांव में हम साथ हैं, जबकि मुंबई में भाजपा और शिवसेना साथ चुनाव लड़ रहे हैं और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी 94 सीटों पर स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ रही है। साथ ही यह भी कहा गया कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी सर्वधर्म समभाव की विचारधारा में विश्वास रखती है।
घोषणापत्र के प्रमुख मुद्दे:
5 सालों में 500 किमी नए सड़क निर्माण
पुरानी चॉलों और झोपड़पट्टियों में मुफ्त पानी
जल रिसाव रोकने के लिए आधुनिक तकनीक
रीसाइक्लिंग प्लांट और प्लास्टिक प्रतिबंध
सफाई कर्मचारियों को मुफ्त आवास, स्वास्थ्य बीमा
हर वार्ड में आधुनिक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र
मनपा स्कूलों का आधुनिकीकरण
10 लाख पेड़ लगाकर ग्रीन सिटी
दिव्यांगों के लिए मेट्रो में पूर्ण रियायत
1 लाख नए घर, SRA योजना का तेज क्रियान्वयन
700 वर्गफुट तक संपत्ति कर माफी
एनसीपी के घोषणापत्र को जारी करने के मौके पर एनसीपी नेताओं ने कहा कि जानबूझकर 23 अल्पसंख्यक उम्मीदवारों को टिकट देने का आरोप लगाया गया है। सुनील तटकरे ने बताया कि 94 उम्मीदवारों में 56 मराठी भाषी, 21 उत्तर भारतीय, 24 मुस्लिम, जिनमें 3 ईसाई, तेलुगु, तमिल और बोहरा समाज के उम्मीदवार शामिल हैं। इसके अलावा 50 महिला उम्मीदवार, 17 ओबीसी और 12 अनुसूचित जाति के उम्मीदवार भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि मुंबई एक वैश्विक स्तर का शहर और देश की आर्थिक राजधानी है। यहां बहुभाषी और बहुजातीय नागरिक रहते हैं। इन सभी को विश्वास में लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी यह चुनाव लड़ रही है।