मुंबई : महाराष्ट्र में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) और नगर निकाय चुनाव में नामांकन वापसी के बाद बीजेपी, शिवसेना और एनसीपी वाली महायुति ने 68 सीटें निर्विरोध जीत ली। एक सीट और निर्विरोध जीती है। कुल मिलाकर 69 सीटों का परिणाम चुनाव में बिना वोटिंग के ही सामने आ गया है। शुक्रवार को नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख थी।
नामांकन वापसी के बाद बीजेपी-शिवसेना गठबंधन ने 66 वार्डों में से बीजेपी के 44 और शिवसेना ने 22 सीटें जीत ली। एनसीपी अजित पवार के दो कैंडिडेट भी निर्विरोध चुने गए। इस्लामिक पार्टी का एक उम्मीदवार भी निर्विरोध चुनाव जीत गया।

कौन कहां जीता
कल्याण डोंबिवली नगर निगम में 21 महायुति के उम्मीदवार जीत गए, जिसमें 15 बीजेपी और छह शिंदे सेना के हैं। जलगांव में बीजेपी और शिवसेना को को छह-छह वार्ड में जीत मिली। पनवेल में भी बीजेपी के 7 उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की।भिवंडी में भी बीजेपी ने छह वार्ड में जीत हासिल की।
ठाणे में शिंदे सेना ने 6 सीट जीत ली। धुले में तीन बीजेपी उम्मीदवारों ने निर्विरोध जीत हासिल की। अहिल्या नगर में एनसीपी ने दो और बीजेपी ने एक सीटें जीतीं। अजीत पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी ने जलगांव में दो निर्विरोध मुकाबले जीते। इस्लामिक पार्टी ने भी एक सीट निर्विरोध जीती।

1729 उम्मीदवार चुनाव मैदान में, 453 उम्मीदवारों ने नामांकन वापस लिया
राज्य चुनाव आयोग के अनुसार नामांकन दाखिल करने के आखिरी दिन 30 दिसंबर तक 2516 नामांकन दाखिल किए गए थे, जिनमें से 2182 वैध थे । 453 उम्मीदवारों ने नामांकन वापस लिया। नामांकन वापस लेने के बाद चुनाव में कुल 1729 उम्मीदवार मैदान में हैं। शनिवार दोपहर को चुनाव चिन्ह आवंटित किया गया। इसके बाद उम्मीदवारों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी।

बीएमसी के आंकड़ों के अनुसार, मुंबई के घाटकोपर स्थित एन वार्ड में सबसे अधिक 34 नामांकन वापस लिए गए। इसके बाद एच ईस्ट (बांद्रा ईस्ट) वार्ड में 25, एल वार्ड ( कुर्ला) और टी (मुलुंड) वार्डों में 24-24 नामांकन वापस लिए गए। मुंबई के एफ-साउथ (लालबाग, परेल) और पी-ईस्ट (मलाड ईस्ट) क्षेत्रों में 21 नामांकन वापस लिए गए। एम/ईस्ट वार्ड (देवनार) में सबसे अधिक 182 आवेदन दाखिल किए गए थे। लोखंडवाला के वेस्ट वॉर्ड में 133 आवेदन दाखिल किए गए।