मुंबई: मई महीने से लापता एक बच्ची को मुंबई पुलिस ने ढूंढ निकाला और उसे उसके परिवार को सौंप दिया। 6 महीने से लापता 4 साल की बच्ची आरोही परिवार से मिलकर बहुत खुश हुई। पुलिस की इस सकारात्मक पहल पर महिंद्रा एंड महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन और देश के टॉप क्लास बिजनेसमैन आनंद महिंद्रा ने मुंबई पुलिस की जमकर तारीफ की है। महिंद्रा ने सोशल मीडिया पर मुंबई पुलिस के इस काम को दुनिया की बेहतरीन पुलिस फोर्स में से एक बताया है।
आनंद महिंद्रा ने X (पहले ट्विटर) पर एक पोस्ट को रीट्वीट किया। इसमें आरोही की कहानी बताई गई थी। यह पोस्ट X यूजर मोहिनी माहेश्वरी ने शेयर की थी। इस पोस्ट में बताया गया है कि कैसे मुंबई पुलिस ने हार नहीं मानी और बच्ची को ढूंढ निकाला। बच्ची को 14 नवंबर बाल दिवस के मौके पर उसके परिवार को सौंपा गया। मोहिनी माहेश्वरी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि आरोही के लापता होने के बाद मुंबई पुलिस ने केस को बंद नहीं किया।
उन्होंने बताया कि कुछ पुलिस वाले तो बच्ची की फोटो अपनी शर्ट की जेब में रखते थे। जैसे वह उनकी अपनी बेटी हो। पुलिस ने पूरे शहर में पोस्टर बांटे और हर सुराग की जांच की। जब आरुषि को खोजकर वापस मुंबई लाया गया, तो मुंबई क्राइम ब्रांच ने एयरपोर्ट पर उसका स्वागत गुब्बारों और एक नई नीली फ्रॉक से किया।
बच्ची ने जब पुलिस वालों को देखा, तो वह उनसे दूर भागने के बजाय उनकी ओर दौड़ी और सबसे पास खड़े पुलिस वाले को गले लगा लिया। आनंद महिंद्रा ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि मुंबई पुलिस, आपने हमें उम्मीद और खुशी का तोहफा दिया है। सिर्फ इसी वजह से आप दुनिया की बेहतरीन पुलिस फोर्स में से एक हैं।