मुंबई : दिल्ली कार धमाका के बाद देश भर में अलर्ट कर दिया गया है। दिल्ली में तो गहन जांच चल ही रही है, मुंबई पुलिस ने भी अलर्ट के साथ-साथ सुरक्षा के उपाय बढ़ा दिए हैं। पूरे मुंबई में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। पुलिस मुख्यालय सभी 93 स्थानीय पुलिस थानों के अधिकारियों ने शहर भर के होटलों, लॉजों और गेस्ट हाउसों में मेहमानों का विवरण एकत्र करना शुरू कर दिया है। संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) सत्यनारायण चौधरी ने कहा कि वे दिल्ली की घटना के मद्देनजर एहतियात बरत रहे हैं। लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील कर रहे हैं। दिल्ली ब्लास्ट में 12 लोगों की मौत हुई है जबकि 20 अन्य घायल हुए हैं। जांच एजेंसियों के शुरुआती निष्कर्ष में सामने आया है कि यह आधी-अधूरी तैयारी और घबराहट में हुआ ब्लास्ट है।
जीआरपी और आरपीएफ रेलवे स्टेशन परिसरों में लोगों के सामान और जांच कर रहे हैं।
एक अधिकारी ने बताया कि ड्रोन, रिमोट कंट्रोल वाले माइक्रो-लाइट एयरक्राफ्ट, पैरा-ग्लाइडर, पैरा मोटर्स, हैंड ग्लाइडर, हॉट एयर बैलून आदि उड़ाने की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संभावना है कि आतंकवादी या राष्ट्र-विरोधी तत्व अपने हमलों में ड्रोन, रिमोट कंट्रोल वाले माइक्रो-लाइट एयरक्राफ्ट, पैरा-ग्लाइडर का इस्तेमाल कर वीवीआईपी को निशाना बना सकते हैं। इससे आम जनता की जान को खतरा हो सकता है और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंच सकता है। इसके चलते कानून-व्यवस्था में खलल पड़ सकता है।