यात्रियों की सुविधाएं बढ़ाने के लिए बेस्ट ने बस रूटों में किए बड़े बदलाव

मुंबई : मुंबई में यात्रियों की सुविधाएं बढ़ाने और बेस्ट बस सेवाओं को और अधिक बेहतर बनाने लिए बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) ने 1 नवंबर से कुछ बस रूटों में बड़े बदलाव किए हैं। इन बदलावों के तहत कुछ रूटों पर एसी बसें चलाई जाएंगी। वहीं कुछ रूटों का विस्तार किया जाएगा। इसके अलावा कुछ रूट पूरी तरह से बंद कर दिए जाएंगे।
बेस्ट के एक अधिकारी ने कहा कि ये बदलाव यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए किए गए हैं। इससे बेस्ट की बसें और भी बेहतर तरीके से चलेंगी। उम्मीद है कि इन सुधारों से यात्रियों का सफ़र और भी आरामदायक और सुविधाजनक हो जाएगा। इन बदलावों से मुंबई की परिवहन व्यवस्था और मज़बूत होगी और यात्रियों का समय बचेगा।

क्या हुआ है बदलाव
बैकबे डिपो से चलने वाली बसें A45 और मुंबई सेंट्रल डिपो से चलने वाली बसें A49 अब एमएमआरडीए कॉलोनी, माहुल की बजाय माहुल गांव तक जाएंगी।
डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौक से सेवरी बस स्टैंड तक चलने वाली बस संख्या 69 का विस्तार अब वडाला डिपो तक कर दिया गया है। बस रूट 6 लिमिटेड अब वातानुकूलित (एसी) A6 कहलाएगी। यह बस कोलाबा डिपो की बजाय टाटा पावर सेंटर से बैकबे डिपो तक चलेगी।
वैशाली नगर मुलुंड से मरोल डिपो तक चलने वाली बस संख्या 307 का विस्तार अब A307 के रूप में होली स्पिरिट अस्पताल होते हुए माजस डिपो तक किया गया है। घाटकोपर डिपो से अगरकर चौक अंधेरी पूर्व के बीच चलने वाली बस संख्या A533 को अब गोखले ब्रिज होते हुए अंधेरी स्टेशन पश्चिम तक बढ़ा दिया गया है। देवनार डिपो से बोरीवली स्टेशन पूर्व के बीच चलने वाली एसी बस संख्या 60 अब नए नंबर A458 से चलेगी।
इसके अलावा कई बस रूटों पर वातानुकूलित (एसी) बसें चलाने का निर्णय लिया गया है। इनमें मालवणी डिपो से दहिसर बस स्टैंड (A207), बांद्रा रिक्लेमेशन बस स्टैंड से टाटा कॉलोनी (A295), ट्रॉम्बे से मुलुंड महाराणा प्रताप चौक (A399), विक्रोली डिपो से महाकाली गुफा (A410), कांजुरमार्ग बस स्टैंड पश्चिम से भांडुप पश्चिम (A604), भांडुप स्टेशन पश्चिम से टेंभीपाड़ा नाका (A605) और भांडुप स्टेशन पश्चिम से अशोक केदारे चौक (A606) शामिल हैं। इन सभी रूटों पर अब वातानुकूलित (एसी) बसें चलेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *