मोकामा में जनसुराज पार्टी के समर्थक दुलारचंद यादव को मार दी गई गोली, मौत

पटना : मोकामा विधानसभा क्षेत्र में जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी अपने समर्थकों के साथ चुनाव प्रचार में निकले थे। इसी बीच काफिले पर कुछ लोगों ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया। भीड़ में से किसी ने गोली भी चलाई जो दुलारचंद यादव को लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। आरोप मोकामा के जेडीयू प्रत्याशी अनंत सिंह के समर्थकों पर लग रहा है कि भीड़ में उन्हीं लोगों में से किसी ने गोली चलाई, जिससे दुलारचंद यादव की मौत हो गई। विभिन्न सूत्रों के अनुसार, बाढ़ का दुलारचंद यादव पटना जिले के टाल क्षेत्र का एक कुख्यात अपराधी माना जाता था। वो जमीन कब्जा, रंगदारी, फायरिंग, मारपीट और अवैध वसूली जैसे कई गंभीर मामलों में आरोपी था। 2019 में तत्कालीन ASP लिपी सिंह ने इसकी गिरफ्तारी की थी। दुलारचंद पर अलग-अलग थानों में मामले दर्ज हैं।
मृतक दुलारचंद यादव।

दूसरी ओर, इस मामले को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने सवाल उठाया कि चुनाव आचार संहिता के दौरान लोग बंदूक लेकर कैसे घूम रहे हैं? बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि राज्य में चुनाव आचार संहिता लागू है। इसके बावजूद कुछ लोग बंदूक और गोली लेकर कैसे घूम रहे हैं? प्रधानमंत्री 20 साल पहले की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सिवान में एक एएसआई की गोली मारकर हत्या कर दी गई और मोकामा में दुलारचंद यादव की हत्या कर दी गई। किस प्रकृति के लोग इस बिहार पर कब्जा किए हुए हैं, अब लोगों को समझ में आ रहा है। उन्होंने कहा कि इन लोगों की हार की बौखलाहट अब सबके सामने आ रही है।
उन्होंने सवाल उठाया कि कौन लोग हैं जो इन अपराधियों को संरक्षण देने का काम कर रहे हैं। ये लोग हार से डरे हुए हैं। बिहार की जनता इन लोगों को इस चुनाव में इसका जवाब देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *