नवी मुंबई : ऑनलाइन गेमिंग और जुए में पैसे गंवाने के बाद उसकी भरपाई के लिए एक डिलीवरी एजेंट महिलाओं के गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र झपटने लगा। नवी मुंबई क्राइम ब्रांच ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब 7.92 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस की जांच में चेन झपटमारी की आठ वारदातों का खुलासा हुआ है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 24 वर्षीय कुमार बाबू चव्हाण के रूप में हुई है। वह कोपरखैरने के बोनकोडे इलाके का निवासी है और एक ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म के लिए काम करता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सानपाड़ा, वाशी और कोपरखैरने इलाकों में महिलाओं को निशाना बनाता था। डिलीवरी का काम करने के कारण उसे इन इलाकों की सड़कों, गलियों और रास्तों की अच्छी जानकारी थी। इसी का फायदा उठाकर वह वारदात को अंजाम देने के बाद आसानी से फरार हो जाता था।
क्राइम ब्रांच यूनिट-1 को लगातार हो रही चेन झपटमारी की घटनाओं की जांच सौंपी गई थी। पुलिस ने घटनास्थलों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्ध के कपड़ों तथा इस्तेमाल किए जा रहे ग्रे रंग के स्कूटर के आधार पर उसकी पहचान की। 25 सितंबर को पुलिस टीम ने आरोपी को स्कूटर से जाते हुए देखा और रुकने का इशारा किया। लेकिन उसने भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से आठ सोने की चेन और मंगलसूत्र बरामद किए। इनका कुल वजन 68.84 ग्राम और बाजार मूल्य लगभग 7.92 लाख रुपये बताया गया है। वारदात में इस्तेमाल किया गया करीब 50 हजार रुपये का स्कूटर भी जब्त किया गया है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन जुए में पैसे हारने के बाद दोबारा पैसे जुटाने के लिए महिलाओं की चेन झपटता था। चोरी के जेवर कोपारखैरने के एक ज्वेलर जगदीशचंद्र रामचंद्र कुमावत (33) को बेचने का आरोप है। पुलिस ने ज्वेलर को भी इस मामले में सह-आरोपी बनाया है।
क्राइम ब्रांच के अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी से सानपाड़ा पुलिस स्टेशन के पांच, वाशी के दो और कोपरखैरने के एक मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी के जेवरों की खरीद-बिक्री के नेटवर्क की जांच कर रही है।