बुलंदशहर के आरोपियों के पास से दो हथियार और बदली नंबर प्लेट वाली कार बरामद, मोबाइल में मिलीं घरों और सोसायटियों की तस्वीरें
मुंबई/मीरा रोड : मीरा-भायंदर इलाके में कथित तौर पर बड़ी डकैती को अंजाम देने की तैयारी कर रहे पांच लोगों को काशीगांव पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के रहने वाले हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो हथियार, बदली हुई नंबर प्लेट वाली एक कार और अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर डकैती के लिए पहले से इलाके की रेकी कर रहे थे। उनके मोबाइल फोन की जांच के दौरान विभिन्न घरों और हाउसिंग सोसायटियों की तस्वीरें मिलीं। इससे पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने वारदात के लिए संभावित ठिकानों की पहचान कर रखी थी।
पुलिस के मुताबिक आरोपी मोबाइल फोन के जरिए आपस में संपर्क करने से बचने के लिए वॉकी-टॉकी का इस्तेमाल करने की योजना बना रहे थे। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल होने वाली कार की नंबर प्लेट भी बदली गई थी, ताकि पुलिस को वाहन की पहचान करने में मुश्किल हो।
जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों में दो के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें एक आरोपी के खिलाफ 33, जबकि दूसरे के खिलाफ 15 मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। इनमें हत्या जैसे गंभीर अपराधों के मामले भी शामिल बताए गए हैं।
फिलहाल काशीगांव पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उनका किसी अन्य आपराधिक गिरोह से संबंध है या नहीं तथा वे किस वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।