मालाड के मालवणी में हादसा, बच्चों ने मिलकर आयोजित की थी दहीहंडी; पुलिस और बीएमसी की टीम मौके पर पहुंची
मुंबई : मालाड पश्चिम के मालवणी इलाके में शनिवार को दहीहंडी समारोह के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हादसा चीकूवाड़ी स्थित एकता वेलफेयर सोसायटी में दोपहर करीब 3:01 बजे हुआ। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, बच्चों का एक समूह अपने स्तर पर दहीहंडी का आयोजन कर रहा था। दहीहंडी के लिए इस्तेमाल की जाने वाली रस्सी को एक पेड़ और ग्राउंड फ्लोर की संरचना को सहारा देने वाले ईंट के एक खंभे से बांधा गया था। बच्चे जब दहीहंडी फोड़ने का प्रयास कर रहे थे, तभी अचानक खंभा कमजोर होकर गिर पड़ा।
खंभे की चपेट में आने से 7 वर्षीय रुद्र कदम गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर में गंभीर चोट आई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने बच्चे को मालवणी जनरल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बीएमसी के संबंधित वार्ड के कर्मचारी और पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
बताया गया कि दहीहंडी का आयोजन स्थानीय स्तर पर बच्चों द्वारा किया जा रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, खंभे का इस्तेमाल रस्सी को सहारा देने के लिए किया गया था। इसी दौरान खंभा गिरने से यह हादसा हुआ।
हादसे ने दहीहंडी जैसे सार्वजनिक आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था और बच्चों की भागीदारी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि आयोजन के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे या नहीं।
दही हांडी खेल की फाइल फोटो।