मुंबई : मुंबई के कुर्ला (पश्चिम) स्थित विनोबा भावे नगर इलाके से छह महीने के एक मासूम बच्चे के अपहरण का मामला सामने आया। घटना उस समय हुई जब बच्चा अपनी मां के पास सो रहा था। इसी दौरान आरोपी बिना मां की अनुमति के बच्चे को उठाकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस ने विशेष टीम गठित कर इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। जांच के दौरान आरोपी की पहचान अमन आनंद सकट के रूप में हुई। (खबर के ऊपर दिख रही तस्वीर) तकनीकी निगरानी और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने आरोपी का पीछा किया, जो बच्चे को लेकर ठाणे की ओर जा रहा था। महज चार घंटे के भीतर पुलिस ने डोंबिवली क्षेत्र से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि अपहरण के पीछे पारिवारिक विवाद या व्यक्तिगत रंजिश कारण हो सकती है। बच्चे को सुरक्षित उसके माता-पिता को सौंप दिया गया है। आरोपी के खिलाफ अपहरण सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। मुंबई पुलिस की त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की।