मुंबई : मुंबई के गोराई क्षेत्र में घरेलू विवाद से नाराज एक 40 वर्षीय व्यक्ति ने कथित तौर पर अपने ही 10 वर्षीय बेटे की समुद्र में डुबोकर मार दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान बंटी कालिदास राव के रूप में हुई है, जो जुहू बीच पर पर्यटकों की तस्वीरें खींचने का काम करता था। वह माध इलाके में अपनी पत्नी, 18 वर्षीय बेटी और 10 वर्षीय बेटे युवराज के साथ रहता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
जांच के मुताबिक, 27 जुलाई को एक बार फिर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद बंटी अपने बेटे को साथ लेकर घर से निकल गया। देर रात तक दोनों के वापस नहीं लौटने और मोबाइल बंद मिलने पर बच्चे की मां ने मालवणी पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
अगले दिन गोराई पुलिस को कोलेवेम बीच के पास समुद्र किनारे एक बच्चे का शव मिला। आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट से मिलान करने पर शव की पहचान 10 वर्षीय युवराज के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को वर्सोवा स्थित उसकी बहन के घर से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि पत्नी से हुए विवाद और गुस्से में उसने बेटे को समुद्र में डुबो दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने अपनी पत्नी को “सबक सिखाने” की नीयत से इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
गोराई पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की हत्या संबंधी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक महेश निवतकर ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और सभी परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है।