नवी मुंबई में देह व्यापार का भंडाफोड़, 9 महिलाओं को कराया गया मुक्त, तीन आरोपी गिरफ्तार

मुंबई : नवी मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने मानव तस्करी और देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तलोजा स्थित होटल अबोड इन लॉजिंग एंड बोर्डिंग में चल रहे कथित देह व्यापार के रैकेट का पर्दाफाश किया। इस छापेमारी में 9 महिलाओं को मुक्त कराया गया, जबकि लॉज मैनेजर और दो वेटरों सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस को 18 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त होटल में महिलाओं को अवैध रूप से रखकर ग्राहकों को उपलब्ध कराया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए AHTU ने एक डिकॉय (फर्जी) ग्राहक भेजा। जांच के दौरान होटल कर्मचारियों ने कथित रूप से ₹3,000 लेकर महिला उपलब्ध कराने की सहमति दी। तय संकेत मिलते ही पुलिस टीम ने होटल पर छापा मार दिया।

छापेमारी के दौरान होटल से 9 महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि होटल का मैनेजर और दो वेटर ग्राहकों की व्यवस्था करने और पूरे अवैध नेटवर्क को संचालित करने में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

गिरफ्तार आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े थे तथा क्या इसके तार अन्य शहरों या राज्यों से भी जुड़े हुए हैं। वहीं, मुक्त कराई गई महिलाओं को आवश्यक सहायता और पुनर्वास के लिए संबंधित एजेंसियों के सुपुर्द किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *