सोलापुर में मदरसे के मौलाना पर नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप, पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज

परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया, अदालत ने दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजा

सोलापुर (महाराष्ट्र) : सोलापुर जिले में एक मदरसे के मौलाना पर 11 वर्षीय छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस आयुक्त एम. राजकुमार के अनुसार, आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। इस दौरान पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान 53 वर्षीय मौलाना उमर रिजवी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश का निवासी है। वह पिछले कुछ वर्षों से सोलापुर में रह रहा था और एक स्थानीय मदरसे में बच्चियों को धार्मिक शिक्षा प्रदान करता था।

शिकायत के अनुसार, पीड़ित छात्रा को उसके माता-पिता ने धार्मिक शिक्षा प्राप्त करने के लिए मदरसे में दाखिला दिलाया था। आरोप है कि मौलाना अन्य बच्चों को घर भेजने के बाद छात्रा को रोक लेता था और उसके साथ अनुचित व्यवहार करता था। घटना से परेशान छात्रा ने इसकी जानकारी अपने माता-पिता को दी, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पीड़िता के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि बच्चों के साथ इस प्रकार की घटनाओं को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।

घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भी आक्रोश देखा गया। कुछ लोगों ने आरोपी के खिलाफ प्रदर्शन कर सख्त कार्रवाई की मांग की।

 

पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। साथ ही मदरसे में पढ़ने वाली अन्य छात्राओं से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं ऐसी कोई अन्य घटना तो नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *