भोंदू बाबा के साथ वीडियो वायरल होने के बाद महाराष्ट्र महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर ने इस्तीफा सौंपा

मुंबई : नासिक के स्वयंभू बाबा भोंदू बाबा उर्फ अशोक खरात की यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तारी एवं उनके साथ महाराष्ट्र महिला आयोग के अध्यक्ष रूपाली चाकणकर की कई तस्वीरें और वीडियो वायरल होने और विपक्ष के लगातार इस्तीफा देने के दबाव पर रूपाली चाकणकर ने 20 मार्च को इस्तीफा दे दिया।
चाकणकर ने यह इस्तीफा उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को सौंपा। इसके पहले वह मुख्यमंत्री से मिलने पहुंची थी। मुख्यमंत्री के पास उन्होंने अपना पक्ष रखा और फिर उपमुख्यमंत्री से मिलकर इस्तीफा सौंप दिया।
अपने इस्तीफे में उन्होंने कहा कि मैं रूपाली निलेश चाकणकर, आपको सादर सूचित करना चाहती हूं कि मुझे 15 अक्टूबर, 2024 को महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। निजी कारणों का हवाला देते हुए मैं इस पत्र के माध्यम से स्वेच्छा से उक्त पद से अपना इस्तीफा सौंप रही हूं। आपने मुझ पर जो विश्वास जताया है और इस पूरे कार्यकाल के दौरान मुझे जो अटूट समर्थन दिया है, उसके लिए मैं आपकी और अपने सभी सहयोगियों की हृदय से आभारी हूं। मुझे विश्वास है कि भविष्य में भी मुझे आपका समर्थन मिलता रहेगा। इसलिए मैं आपसे विनम्र अनुरोध करती हूँ कि आप राज्य महिला आयोग के अध्यक्ष पद से मेरा इस्तीफा स्वीकार करें।
बताया जाता है कि बाबा और चाकणकर के कुछ फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, जिनमें रूपाली चाकणकर अशोक खरात के साथ दिखाई दे रही थीं। इन वीडियो में रूपाली चाकणकर को अशोक खरात के पैरों की पूजा करते हुए देखा गया। इसके अलावा कुछ अन्य वीडियो में उन्हें खरात की तारीफ करते हुए भी देखा गया। इन वीडियो के सामने आने के बाद रूपाली चाकणकर के इस्तीफे की मांग उठने लगी। विपक्षी दल लगातार उनके इस्तीफे के लिए दबाव बना रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *