मुंबई में बिना अनुमति चलने वाली अवैध यात्री गाड़ियों पर मंत्री ने कार्रवाई का दिया निर्देश

मुंबई : महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने मोटर परिवहन विभाग (RTO) को बिना अनुमति और नियमों के चल रही अवैध यात्री गाड़ियों पर अब कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। 1 मार्च 2026 से पूरे राज्य में विशेष अभियान चलाने का भी निर्देश दिया है। मंत्री ने कहा कि कई वाहन बिना लाइसेंस, परमिट, फिटनेस सर्टिफिकेट और बीमा के यात्रियों को ले जा रही हैं। कई जगह क्षमता से ज्यादा सवारी बैठाई जाती है। इससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है और यात्रियों की जान जोखिम में पड़ती है। अगर ऐसे वाहन का एक्सीडेंट हो जाए तो बीमा न होने के कारण यात्रियों को मुआवजा मिलना भी मुश्किल हो जाता है।
इसके साथ ही अवैध यात्री गाड़ियों से, सरकार को भी बड़ा नुकसान होता है। साथ ही नियमों का पालन करने वाली सरकारी और निजी परिवहन सेवाओं, खासकर एसटी जैसी सेवाओं पर गलत असर पड़ता है। यात्रियों की संख्या कम होने से इन सेवाओं की आमदनी और टाइम प्रभावित होती है। अवैध यात्री वाहन सिर्फ आर्थिक समस्या नहीं हैं, बल्कि यह सुरक्षा से जुड़ा मामला भी है। ऐसे वाहनों से अपराध, लूटपाट या गलत गतिविधियों की आशंका बढ़ जाती है।
परिवहन मंत्री ने कहा कि यात्रियों का कोई रिकॉर्ड न होने से पुलिस और जांच एजेंसियों को परेशानी होती है। सड़क सुरक्षा के लिए नियमों का पालन बहुत जरूरी है। तेज रफ्तार, लापरवाह ड्राइविंग और नियम तोड़ने से हादसे, ट्रैफिक जाम और प्रदूषण बढ़ता है। इसलिए आरटीओ को सख्त जांच, नियमित चेकिंग और लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यात्रियों से अपील की गई है कि वे केवल परमिट और लाइसेंस वाले वाहनों में ही यात्रा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *