मुंबई : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों 17 फरवरी को मुंबई में रहेंगे और दोनों के बीच मुंबई के लोक भवन में द्विपक्षीय वार्ता होगी। ‘होराइजन 2047 रोडमैप’ के तहत रक्षा और सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे। दोनों नेता मुंबई में भारत-फ्रांस ईयर ऑफ इनोवेशन का उद्धाटन करेंगे। यह कार्यक्रम वर्ष 2026 के दौरान भारत और फ्रांस दोनों देशों में मनाया जाएगा और इसका उद्देश्य इनोवेशन, टेक्नोलॉजी और स्टार्टअप्स के क्षेत्र में सहयोग को नई दिशा देना है।
इस दौरे को लेकर वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान जाम से बचने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने अस्थायी यातायात प्रतिबंध लागू करने की घोषणा की है। पीएम मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों के पहुंचने पर मुंबई नगर निगम की नवनियुक्त मेयर ऋतु तावड़े उनका स्वागत करेंगी।
सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम
इस दौरे की सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।
डीसीपी ट्रैफिक अजीत बोरहाडे ने ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।
दूसरी ओर, वेस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे पर वाकोला फ्लाइओवर से दहिसर टोल नाका के बीच उत्तर और दक्षिण, दोनों दिशाओं में 17 फरवरी को सुबह 8 बजे से रात 9 बजे तक सभी भारी वाहनों (एचएमवी) की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इस दौरान ट्रकों, कंटेनरों और अन्य बड़े मालवाहक वाहनों को इस मार्ग पर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। हालांकि, ऐम्बुलेंस, अग्निशमन दल, पुलिस वाहन और वीवीआईपी सुरक्षा में तैनात सरकारी वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है।