मुंबई : मुंबई क्राइम ब्रांच ने कथित तौर पर फर्जी माइनर मिनरल ट्रांसपोर्ट परमिट के जरिए सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाले नेटवर्क का पता लगाया है। मामले में मानखुर्द निवासी 36 वर्षीय टेम्पो चालक को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से फर्जी खनिज परिवहन परमिट की चार बुक और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इन दस्तावेजों का इस्तेमाल खनिजों के परिवहन के दौरान सरकारी रॉयल्टी से बचने के लिए किया जा रहा था।
क्राइम ब्रांच अब यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी परमिट तैयार करने और उन्हें सप्लाई करने के पीछे कौन लोग हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस नेटवर्क में कितने वाहन चालक और कारोबारी शामिल हैं तथा फर्जी दस्तावेजों के जरिए सरकार को कितने राजस्व का नुकसान हुआ है।