मुंबई : महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) के आयुक्त तुकाराम मुंढे की अगुवाई में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता नियमों के उल्लंघन के खिलाफ कार्रवाई जारी है। एफडीए ने खाद्य सुरक्षा मानकों में गंभीर खामियां पाए जाने के बाद डोमिनोज पिज्जा के चार आउटलेट के खाद्य कारोबार लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। इनमें तीन आउटलेट मुंबई और एक सतारा जिले में स्थित है।
एफडीए के मुताबिक, जुबिलेंट फूडवर्क्स लिमिटेड द्वारा संचालित डोमिनोज के मुंबई स्थित विले पार्ले पश्चिम, बोरीवली पश्चिम और घाटकोपर पश्चिम के आर-सिटी मॉल आउटलेट के खिलाफ कार्रवाई की गई है। चौथा आउटलेट सतारा जिले के कराड के मलकापुर में है। निरीक्षण के दौरान इन प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़े नियमों का पालन नहीं किए जाने की शिकायतें सामने आईं।
104 रेस्तरां की जांच, पांच लाइसेंस निलंबित
एफडीए ने बताया कि राज्यभर में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान प्रमुख रेस्तरां चेन के 104 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस कार्रवाई में दो प्रतिष्ठानों को कारोबार बंद करने का आदेश दिया गया, जबकि 95 प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए। इसके अलावा पांच खाद्य कारोबार लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित किए गए। इनमें चार डोमिनोज और एक पिज्जा हट का आउटलेट शामिल है।
एफडीए की जांच में खाद्य पदार्थों की हैंडलिंग, स्वच्छता, भंडारण और अन्य खाद्य सुरक्षा मानकों से जुड़े नियमों के उल्लंघन पाए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि संबंधित प्रतिष्ठानों को निर्धारित मानकों का पालन करने और कमियों को दूर करने के बाद ही आगे कारोबार की अनुमति मिल सकेगी।
मई में संभाली थी एफडीए की कमान
तुकाराम मुंढे ने मई 2026 में महाराष्ट्र एफडीए आयुक्त का पद संभाला था। इसके बाद से वह खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर लगातार निरीक्षण और कार्रवाई कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में चल रहे अभियान में बड़े और चर्चित ब्रांड भी जांच के दायरे में आए हैं।
मुंढे अपनी सख्त प्रशासनिक कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। महाराष्ट्र में उनके कई तबादले चर्चा में रहे हैं। इस बार खाद्य सुरक्षा के मुद्दे पर उनकी कार्रवाई को लेकर सोशल मीडिया पर भी लोगों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
पंकजा मुंडे ने की तारीफ
तुकाराम मुंढे की कार्रवाई की राज्य की कैबिनेट मंत्री पंकजा मुंडे ने भी सराहना की है। उनकी एक सोशल मीडिया रील सामने आई है, जिसमें वह मुंढे का गर्मजोशी से अभिवादन करती नजर आ रही हैं। इससे संकेत मिलता है कि खाद्य सुरक्षा को लेकर मुंढे के अभियान को सरकार के भीतर भी समर्थन मिल रहा है।
एफडीए का कहना है कि अभियान का उद्देश्य किसी विशेष ब्रांड को निशाना बनाना नहीं, बल्कि राज्य में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना है। आने वाले दिनों में भी खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ निरीक्षण और कार्रवाई जारी रहने की संभावना है।