गुजरात से मुंबई जा रही कार से एक करोड़ के जाली नोट बरामद, एक संदिग्ध हिरासत में

मुंबई/विरार : महाराष्ट्र के विरार में वसई क्राइम ब्रांच यूनिट-2 ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुजरात से मुंबई जा रही एक कार से करीब एक करोड़ रुपये के जाली नोट बरामद किए हैं। पुलिस ने इस मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जाली नोटों को करीब 30 लाख रुपये में बेचने की योजना थी।

पुलिस के अनुसार, मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर शिरसाट फाटा ब्रिज के नीचे वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान गुजरात की ओर से मुंबई जा रही कार संख्या एमएच 48 बीटी 8686 पुलिस को देखकर अचानक रुक गई। कार सवार के संदिग्ध व्यवहार पर पुलिस को शक हुआ। तलाशी लेने पर कार में रखे एक बैग से 500 रुपये के बड़ी संख्या में जाली नोट बरामद हुए।

पुलिस ने कुल 20 हजार जाली नोट जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है। कार को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि आरोपी इन जाली नोटों को करीब 30 लाख रुपये में बेचने वाले थे। हालांकि, नकली नोट किसे और कहां सप्लाई किए जाने थे, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जाली नोटों की खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि नकली नोटों को मुंबई या आसपास के इलाकों में कहां खपाने की योजना थी। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *