नशे के लिए पैसे देने से किया इनकार तो पत्नी की चाकू से हत्या, पति फरार

मुंबई : मालाड के कुरार विलेज इलाके में नशे के लिए पैसे देने से इनकार करने पर 33 वर्षीय पति ने कथित तौर पर अपनी 29 वर्षीय पत्नी की चाकू से वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पति अपने चार वर्षीय बेटे को अस्पताल में छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

मृतका की पहचान सुचिता सालुंखे के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति आकाश सालुंखे बताया गया है। दोनों कुरार विलेज के तानाजीनगर स्थित शिवसागर सोसायटी में अपने चार वर्षीय बेटे के साथ रहते थे। सुचिता एक पैथोलॉजी लैब में लैब टेक्नीशियन के तौर पर काम करती थी। करीब पांच साल पहले दोनों ने प्रेम विवाह किया था।

पुलिस के मुताबिक, आकाश के पास कोई नियमित रोजगार नहीं था और उसे शराब व ड्रग्स के सेवन की कथित लत थी। वह अक्सर नशे के लिए पत्नी से पैसे मांगता था। पैसे देने से इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद होता था। आरोप है कि आकाश पत्नी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित भी करता था।

रविवार देर रात भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर आकाश ने कथित तौर पर किचन में रखे चाकू से सुचिता के सीने पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल सुचिता को स्थानीय लोगों की मदद से कांदिवली स्थित शताब्दी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पत्नी की मौत की जानकारी मिलते ही आकाश अपने चार वर्षीय बेटे को अस्पताल में छोड़कर फरार हो गया। फिलहाल बच्चा पुलिस की मदद से सुचिता के रिश्तेदार के पास है।

डीसीपी नवनाथ धवले और डीसीपी गजानन राजमाने के मार्गदर्शन में कुरार पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *