विक्रोली में तेज आवाज में गाना बजाने को लेकर पिता-पुत्र की हत्या

मुंबई : मुंबई के विक्रोली इलाके में तेज आवाज में मोबाइल पर गाना बजाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार देर रात की है, जब एक परिवार के तीन भाइयों के बीच तेज आवाज में गाना बजाने को लेकर कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दो भाइयों ने कथित तौर पर अपने ही भाई और उसके बेटे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
हमले में पिता और बेटे को गंभीर चोटें आईं। परिजन और स्थानीय लोग दोनों को तत्काल नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।
सूचना मिलते ही विक्रोली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का पंचनामा कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवार के सदस्यों के बीच पहले भी कई बार छोटे-छोटे विवाद होते रहे थे। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय आरोपियों ने शराब पी रखी थी या नहीं। मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *