मुंबई में अभिनेत्री लोपामुद्रा राउत के घर एक करोड़ की चोरी का आरोपी दरभंगा से गिरफ्तार

मुंबई/दरभंगा: मुंबई में अभिनेत्री एवं मॉडल लोपामुद्रा राउत के घर हुई करीब एक करोड़ रुपये की चोरी के मामले में मुंबई पुलिस ने मुख्य आरोपी को बिहार के दरभंगा से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सोनकी थाना क्षेत्र के गोठ मिट्टी निवासी कमलेश मुखिया के पुत्र चंदन मुखिया के रूप में हुई है। मुंबई पुलिस ने दरभंगा पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से करीब 12.50 लाख रुपये की एक लग्जरी घड़ी, लगभग 50 लाख रुपये मूल्य का चोरी का सामान और 9 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार अभिनेत्री ने मुंबई के सांताक्रूज थाने में चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी का सुराग मिला। जांच में पता चला कि चंदन मुखिया दरभंगा में छिपा हुआ है, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने चोरी के पैसों से अपनी बहन के नाम पर दो कट्ठा जमीन खरीदी थी। इस सिलसिले में सोनकी थाना क्षेत्र के देकुली बाजार स्थित एक हार्डवेयर व्यवसायी कैलाश साह से पूछताछ की गई। वहीं, एक ज्वेलरी दुकानदार से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने सोने के दो बिस्किट भी बरामद किए हैं।

मुंबई पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ले जाने की प्रक्रिया पूरी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और चोरी गए अन्य सामान की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

पुलिस के मुताबिक, घटना के दिन अभिनेत्री घर पर मौजूद नहीं थीं। आरोपी वेंटिलेटर के रास्ते घर में घुसा और करीब 20 से 25 लाख रुपये नकद, सोने के दो बिस्किट, 12.50 लाख रुपये की लग्जरी घड़ी समेत बड़ी मात्रा में सोने-हीरे के आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गया। घर लौटने पर सामान बिखरा मिला, जिसके बाद चोरी का खुलासा हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *