मुंबई में 5800 गैस सिलेंडर घोटाला, मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज

मुंबई, 13 जून : मुंबई में गैस वितरण व्यवस्था से जुड़ा एक बड़ा घोटाला सामने आया है। एक गैस वितरण एजेंसी के मैनेजर पर करीब 5,800 एलपीजी गैस सिलेंडरों की हेराफेरी करने का आरोप लगा है। इन सिलेंडरों की अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में बंगुर नगर पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एजेंसी के रिकॉर्ड की जांच के दौरान सिलेंडरों के हिसाब-किताब में भारी गड़बड़ी सामने आई। जांच में पता चला कि हजारों गैस सिलेंडरों का सही रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है, जिसके बाद संबंधित मैनेजर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह हेराफेरी कब से चल रही थी, इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं और सिलेंडरों को किस तरह से गायब किया गया। मामले में आर्थिक लेन-देन और एजेंसी के दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *