मुंबई : एलपीजी गैस के बहाने अब साइबर ठगी की जाने लगी है। बांद्रा (पश्चिम) इलाके की राज्य गुप्तवार्ता विभाग (SID) की एक महिला से साइबर ठगों ने ठगी कर ली।
पहले ठगों ने खुद को महानगर गैस लिमिटेड का प्रतिनिधि बताया और महिला से बैंक डिटेल ले लिया। फिर उनके खाते से 45 हजार रुपये की ठगी कर ली। बांद्रा पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कर जांच में जुट गई है।
एफआईआर के अनुसार पीड़िता बांद्रा पुलिस कॉलोनी में परिवार के साथ रहती हैं। 9 मई को दोपहर 12 बजे उन्हें मोबाइल नंबर 9296796454 (92 पाकिस्तान का इंटरनैशनल कोड है) से कॉल आया। कॉल करने वाले ने कहा कि उनका महानगर गैस पाइप कनेक्शन मंजूर हो गया है और आईडी जारी करने के लिए उन्हें एक पीडीएफ फॉर्म भरना होगा।
इसके बाद वाट्सऐप नंबर 9100522173 से Mahanagar Gas Meter Bill नाम से एक पीडीएफ फाइल भेजी गई। महिला अधिकारी ने उस फाइल को खोलकर बैंक संबंधी जानकारी भर दी। कुछ ही देर में उनके बैंक खाते से 2 बार में 20 हजार और 25 हजार रुपये कट गए। पैसे कटने पर जब उन्होंने संबंधित नंबर ( संदिग्ध नंबर-9100522173) पर संपर्क करने की कोशिश की तो कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्हें साइबर ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने बांद्रा पुलिस का रूख किया। मामले की जांच जारी है।