महाराष्ट्र/नासिक : महाराष्ट्र के नासिक में महिलाओं का यौन शोषण करने वाले अशोक खरात उर्फ भोंदू बाबा को बुधवार को नासिक कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। आज पुलिस रिमांड पूरी हो गई थी। उसके बाद 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। अब जांच एजेंसियों ने भोंदू बाबा के बेटे से पूछताछ करने की तैयारी कर ली है। उसकी पत्नी फरार है। अशोक खरात को 18 मार्च को गिरफ़्तार किया गया था।
एसआईटी ने पुलिस हिरासत खत्म होने के बाद बुधवार को नासिक कोर्ट में अशोक खरात को पेश किया। महाराष्ट्र पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने न्यायिक हिरासत की मांग की। कोर्ट ने एसआईटी के इस अनुरोध को स्वीकार कर लिया। इसके बाद सेशन जज बी एन इछपुरानी ने यौन शोषण के आरोपों में घिरे अशोक खरात को 14 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अशोक खरात को नासिक रोड सेंट्रल जेल में रखा जाएगा।
भोंदू बाबा के खिलाफ अभी तक सरकारवाड़ा पुलिस स्टेशन में 10 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। जिनमें से आठ कथित यौन उत्पीड़न से जुड़ी हैं और दो धोखाधड़ी के लिए हैं। एसआईटी को फोन के जरिए 100 से ज्यादा शिकायतें भी मिली हैं। जो आरोपों की गंभीरता को दर्शाती हैं।