फर्जी भारतीय पासपोर्ट पर प्रेमिका से मिलने बैंकॉक जा रहा बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार

मुंबई : फर्जी भारतीय पासपोर्ट के आधार पर बैंकॉक में रह रही बांग्लादेशी प्रेमिका से मिलने थाईलैंड जा रहे एक बांग्लादेशी नागरिक को मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी का नाम मार्डी लिटन है। इसने भारत में अपनी पहचान छिपाने के लिए नाम बदलकर लिटन दास रख लिया था।
लिटन गोवा से मुंबई आया था और यहां से बैंकॉक की फ्लाइट पकड़ने वाला था। जब वह इमिग्रेशन काउंटर पर पहुंचा और अपना भारतीय पासपोर्ट जांच के लिए दिया, तो अधिकारियों को सिस्टम मे ‘ड्रिल स्टेट्स’ का अलर्ट दिखाई दिया। यह अलर्ट आमतौर पर तब दिखता है जब पासपोर्ट रद्द, जब्त, खोया या चोरी घोषित किया गया होता है। अलर्ट देखने के बाद ड्यूटी पर तैनात सहायक इमिग्रेशन अधिकारी ने मामले की जांच की तो यह भी सामने आया कि पासपोर्ट पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती इलाके से जारी किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए लिटन से कड़ी पूछताछ की गई, उसने अपना असली सच कबूल कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 2018 में अवैध तरीके से बांग्लादेश से भारत में दाखिल हुआ था। बाद में वह पश्चिम बंगाल के शांतीपुर इलाके में रहने लगा और अपनी पहचान बदल ली। वर्ष 2022 में उसने एक स्थानीय एजेंट को करीब 50 हजार रुपये देकर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भारतीय पासपोर्ट बनवा लिया। पासपोर्ट मिलने के बाद वह गोवा चला गया और वहां एक होटल में वेटर का काम करने लगा। अधिकारी पूरे मामले की जांच में जुट गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *