लोखंडवाला में बीएमसी कर्मियों पर हमला मामले में आधा दर्जन गिरफ्तार

मुंबई : बीएमसी के कर्मचारियों ने कांदिवली के लोखंडवाला में अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान शुरू किया था कि लगभग दो सौ लोगों की भीड़ ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में जूनियर इंजीनियर अक्षय जोशी समेत एक दर्जन बीएमसीकर्मी जख्मी हो गए, जिसमें से तीन को गंभीर चोटें आईं हैं। इस मामले में समता नगर पुलिस ने एआई तकनीक का उपयोग कर एक दर्जन लोगों को डिटेन किया है और आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 132 (किसी लोक सेवक को कर्तव्य निर्वहन से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल का प्रयोग) और अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत कई फेरीवालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कांदिवली पूर्व के रहने वाले कुलदीप चूड़ावत (27), महेंद्रसिंह चूड़ावत (31), शौर्य चारला (19), जश चारला (20) और असलम शेख (27) के रूप में हुई है।
समता नगर पुलिस ने बीएमसी के रखरखाव विभाग में सहायक अभियंता हेमंत पंत (44 वर्ष) की शिकायत पर सख्ती दिखाते हुए न सिर्फ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया बल्कि आरोपियों की धर-पकड़ के लिए तलाशी अभियान भी तेज कर दी है।
ज्ञात हो कि 8 मार्च को बीएमसी के आयुक्त भूषण गगराणी, आर साउथ बीएमसी वॉर्ड की असिस्टेंट कमिश्नर आरती गोलेकर और समता नगर के सीनियर पीआई जयवंत शिंदे समेत कई सरकारी अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया था और उसके बाद अतिक्रमण हटाना शुरू किया था। इसी दौरान यह घटना हो गई।

फोटो : अतिक्रमण का निरीक्षण करने वाली टीम।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *