मुंबई के मीरा रोड इलाके में सर्राफा व्यापारी की हत्या

मीरा रोड मुंबई : मुंबई के मीरा रोड इलाके में एक सर्राफा व्यापारी की हत्या कर दी गई। नवघर पुलिस स्टेशन में इस मामले में केस दर्ज किया गया है। मृतक की पहचान सुशांतो अबोनी पॉल (52) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि सर्राफा व्यापारी का शव उसके घर पर मिला है। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगने की कोशिश में जुट गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने बताया कि भायंदर ईस्ट के नवघर रोड स्थित सोनल पार्क इलाके में उनकी सोने का काम करने वाली वर्कशॉप है। पॉल पिछले कुछ दिनों से वर्कशॉप में रह रहे थे, क्योंकि उनका कुछ समय से पारिवारिक झगड़ा चल रहा था। इस बीच बुधवार सुबह जब उन्होंने दुकान नहीं खोली तो काम करने वालों या जान-पहचान वालों ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला, जिससे शक हुआ। जब फैक्ट्री का शीशा तोड़कर अंदर गए तो पॉल मृत पाए गए। देखा गया कि उनके सिर पर चोट के निशान थे। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। डिप्टी कमिश्नर आफ पुलिस संदीप डोईफोडे ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि हत्या हुई है और इस बारे में केस दर्ज कर लिया गया है और जांच चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *