
क्राइम ब्रांच के अनुसार 18 सितंबर को दोपहर करीब 12:30 से 12:45 बजे के बीच परीक्षा हॉल में साहिल की गतिविधियां CCTV में दर्ज हुई हैं। रिपोर्टों के मुताबिक परीक्षा समाप्त होने से लगभग 15 मिनट पहले वह अपनी जेब में किसी वस्तु की ओर देखता दिखाई दिया। इसके बाद एक प्रोफेसर ने उसे कथित तौर पर अलग ले जाकर पूछताछ की। इसके बाद परीक्षा हॉल से निकलने के बाद उसने कैंपस में किस-किस स्थान पर समय बिताया और हॉस्टल तक कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार साहिल करीब 1:25 बजे अपने हॉस्टल के कमरे में पहुंचा और उसके बाद वह कमरे से बाहर निकलता CCTV में नहीं दिखा। बाद में उसी दिन वह अपने कमरे में मृत पाया गया। क्राइम ब्रांच ने स्पष्ट किया है कि CCTV फुटेज फिलहाल जांच टीम के पास है और इसे सार्वजनिक नहीं किया गया है।
साहिल के परिवार ने संस्थान में कथित जातीय भेदभाव और उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं तथा कुछ अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और व्यापक जांच की मांग की है। ये आरोप फिलहाल जांच का विषय हैं और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट होगी।