शराब की दुकान के बाहर युवक की हत्या, दो गिरफ्तार

उल्हासनगर में मामूली धक्का लगने से शुरू हुआ विवाद बना खूनी संघर्ष

महाराष्ट्र : ठाणे जिले के उल्हासनगर कैंप-4 इलाके में शराब की दुकान के बाहर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में 29 वर्षीय नितेश रमेश लोधे की मौत हो गई। पुलिस ने हत्या के मामले में विकास पागरे और विक्रम बावगे को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, घटना रविवार शाम मास्टर वाइन शॉप के बाहर हुई। शराब खरीदने के दौरान कथित तौर पर एक-दूसरे को धक्का लगने को लेकर नितेश और आरोपियों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों आरोपियों ने नितेश के साथ मारपीट शुरू कर दी।
हमले में नितेश गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल नितेश को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने दोनों संदिग्धों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किए जाने के बाद पुलिस हिरासत में भेजा गया है।
पुलिस अब हत्या के पीछे की पूरी परिस्थितियों, आरोपियों की भूमिका और घटना के दौरान इस्तेमाल किए गए हथियार या अन्य वस्तुओं की जांच कर रही है। गणेशोत्सव से ठीक पहले हुई इस घटना के बाद इलाके में पुलिस की गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *