29 साल से फरार हत्या के आरोपी को भांडुप पुलिस ने दबोचा

मुंबई: महाराष्ट्र की भांडुप पुलिस ने हत्या, हत्या के प्रयास और लूट जैसे गंभीर मामलों में करीब 29 साल से फरार 61 वर्षीय आरोपी रविंद्र उर्फ पापलेट एकनाथ विचारे को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी लगातार अपना ठिकाना और पहचान बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था।


पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भांडुप पुलिस स्टेशन में 1989 में लूट, 1990 में हत्या और 1991 में हत्या के प्रयास के मामले दर्ज हुए थे। इन मामलों में मुंबई सेशन कोर्ट ने उसे फरार घोषित करते हुए गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।
करीब तीन दशक तक पुलिस से बचते रहने के बाद जांच टीम को आरोपी के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिला। पुलिस ने उसके दूर के रिश्तेदारों से पूछताछ की और तकनीकी जानकारी के आधार पर पता लगाया कि वह सातारा जिले में नाम बदलकर रह रहा था। इसके बाद भांडुप पुलिस की टीम ने सातारा पहुंचकर नागठाणे इलाके से उसे हिरासत में लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी से पुराने मामलों के संबंध में जानकारी हासिल की गई है। अब पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और फरारी के दौरान उसके संपर्कों की भी जांच कर रही है। करीब 29 साल बाद हुई गिरफ्तारी को मुंबई पुलिस की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *