मुंबई : मुंबई पुलिस विभाग में फर्जी पुलिसकर्मियों के नाम पर वेतन निकालने का सनसनीखेज मामला सामने आने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कुछ लोगों ने नकली पुलिसकर्मियों के नाम से फर्जी सर्विस रिकॉर्ड और डीसीपीएस (Defined Contribution Pension Scheme) आईडी तैयार कर सरकारी खजाने से नियमित रूप से वेतन निकाला। इस घोटाले का खुलासा विभागीय जांच के दौरान हुआ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस ने दो पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि फर्जी आईडी कब बनाई गईं, कितने समय तक वेतन निकाला गया और इसमें कितने अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हैं। आर्थिक अपराध शाखा (EOW) तथा विभागीय टीम बैंक खातों, दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि दोषी पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की जाएगी।