महाराष्ट्र/लातूर : केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने नीट-यूजी प्रश्नपत्र लीक मामले में कथित सरगना की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। सीबीआई ने प्रोफेसर को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार किया है। सीबीआई के अधिकारियों के अनुसार, पुणे से गिरफ्तार प्रोफेसर पी वी कुलकर्णी लातूर के रहने वाले हैं और रसायन विज्ञान के विशेषज्ञ हैं। वह कई सालों तक नीट परीक्षा का प्रश्नपत्र तैयार करने वाली समिति का हिस्सा रहे थे।
सीबीआई की टीम न बताया कि प्रोफेसर कुलकर्णी को पुणे स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने कहा कि प्रश्नपत्रों तक पहुंच होने के कारण प्रोफेसर कुलकर्णी अपने घर पर विशेष कोचिंग कक्षाएं चलाते थे। इस मामले की जानकारी रखने वाले एक अधिकारी ने बताया कि अप्रैल 2026 के अंतिम सप्ताह के दौरान प्रोफेसर कुलकर्णी ने एक अन्य आरोपी मनीषा वाघमारे की मदद से छात्रों को संगठित किया था। मनीषा वाघमारे को सीबीआई ने 14 मई को गिरफ्तार किया था।
सीबीआई ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के लातूर शहर के एक प्रमुख कोचिंग सेंटर के निदेशक से भी पूछताछ की। सीबीआई की एक टीम राष्ट्रीय पात्रता व प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) 2026 प्रश्नपत्र लीक मामले की जांच के तहत गुरुवार रात और फिर शुक्रवार तड़के शिवनगर क्षेत्र में स्थित ओमकार रेजिडेंसी में रेनुकाई केमिस्ट्री क्लासेज (आरसीसी) के निदेशक शिवराज मोटेगांवकर के घर पर गई और पूछताछ की।