पुणे : महाराष्ट्र में पुणे के दौंड तालुका के देउलगांव राजे गांव में एक पिता पर अपनी ही 9 साल की नाबालिग बेटी की हत्या का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने बच्ची पर लकड़ी काटने वाली मशीन से हमला किया और उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए उसने शव को कपड़ों में लपेटकर घर में आग लगा दी। आरोपी शांताराम दुर्योधन चव्हाण एवं उसकी साथी चिंकी भोंसले को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
घटना हनुमान बस्ती, काले वस्ती इलाके में हुई। आरोपी शांताराम दुर्योधन चव्हाण (33) ने अपनी बेटी पर शक किया कि उसने भाई की स्कूल मार्कशीट में कुछ बदलाव किए हैं। इसी शक के चलते वह इतना गुस्सा हो गया कि उसने बच्ची की जान ले ली। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी ने बच्ची की हत्या के बाद शव को छिपाने और नष्ट करने के इरादे से घर में आग लगा दी।