पालघर/महाराष्ट्र : महाराष्ट्र के पालघर जिले के चिंचोटी के एक सैलून में तेज आवाज में देशविरोधी गाना टुकड़ों में बंटेगा हिंदुस्तान, कश्मीर बनेगा पाकिस्तान…. बजाने के आरोप में 25 वर्षीय युवक अब्दुल रहमान को नायगांव पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया है।
नायगांव पुलिस थाने में दर्ज एफआईआर के अनुसार सब-इंस्पेक्टर पंकज किल्जे दोपहर को निजी वाहन से गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें चिंचोटी के करमदपाड़ा इलाके में रुहान हेयर कटिंग सैलून से तेज आवाज में ‘कश्मीर बनेगा पाकिस्तान’ गाना सुनाई दिया।
यह गाना लाउडस्पीकर के जरिए सड़क तक सुनाई दे रहा था, जिससे आसपास के लोगों में नाराजगी फैल गई। जांच के लिए जब एसआई किल्जे सैलून के अंदर पहुंचे तो वहां करमदपाड़ा निवासी और सैलून में काम करने वाला गुलजारी राजू शर्मा (51) तथा उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के गौरी सिराजपुर गांव का रहने वाला अब्दुल रहमान सदरुद्दीन शाह (25) मौजूद थे। पुलिस जांच में सामने आया कि शाह अपने टेक्नो स्पार्क गो 2021 मोबाइल फोन से यूट्यूब ऐप के जरिए यह गाना ब्लूटूथ के माध्यम से सैलून के स्पीकर पर चला रहा था।
इस मामले में नायगांव पुलिस ने अब्दुल रहमान सदरुद्दीन शाह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 197(1)(डी) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।