नौकरी से निकाले जाने के बाद रची साजिश, एजेंसी से बैंक ले जाई जा रही रकम की थी पूरी जानकारी
मुंबई/कल्याण : कल्याण-आगरा रोड पर निजी एजेंसी के कर्मचारी से करीब ₹40 लाख की नकदी लूट के मामले में कल्याण क्राइम ब्रांच ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वारदात की साजिश एजेंसी के एक पूर्व कर्मचारी ने रची थी, जिसे चोरी के संदेह में नौकरी से निकाल दिया गया था।
पुलिस के मुताबिक, उल्हासनगर स्थित क्रांति फूड एजेंसी का कर्मचारी फारूक अत्तार अपने एक सहकर्मी के साथ नकदी बैंक में जमा कराने जा रहा था। इसी दौरान कल्याण-आगरा रोड पर दो मोटरसाइकिलों से आए चार लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने दोनों कर्मचारियों के साथ मारपीट की और उनके पास मौजूद करीब ₹40 लाख की नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
मामले की जांच बाजारपेठ पुलिस और कल्याण क्राइम ब्रांच ने शुरू की। तकनीकी जानकारी और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने सोहेब शेख को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पुलिस को कथित तौर पर इस लूट के पीछे समीर शेख की भूमिका की जानकारी मिली।
जांच में सामने आया कि समीर पहले इसी एजेंसी में काम करता था। चोरी के संदेह में उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। पुलिस के अनुसार, उसके करीब तीन महीने का वेतन भी बकाया था। आरोप है कि नौकरी जाने के बाद उसने एजेंसी से बदला लेने के लिए साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई।
पुलिस का कहना है कि पूर्व कर्मचारी को एजेंसी की नकदी बैंक तक पहुंचाने के रूट और समय की जानकारी थी। इसी जानकारी के आधार पर आरोपियों ने रास्ते में कर्मचारियों को रोककर वारदात को अंजाम दिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीर शेख, सोहेब शेख, आफताब खान, शहनवाज अंसारी, मुजाहिद खान और शाहिद शेख के रूप में हुई है। पुलिस अब लूटी गई रकम की बरामदगी और वारदात में इस्तेमाल वाहनों सहित अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।