मुंबई : सांताक्रूज पूर्व के आनंद नगर इलाके में गणपति मंदिर से दर्शन कर लौट रहे 52 वर्षीय हिरेन नरेंद्र नाइक का मोबाइल फोन झपटकर फरार हुए दो युवकों को वाकोला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घटना 20 सितंबर की बताई गई है। पुलिस के अनुसार हिरेन मंदिर के बाहर फुटपाथ से गुजर रहे थे, तभी दो युवकों ने उनकी शर्ट की जेब से मोबाइल झपटा और फरार हो गए।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की पहचान की। स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने सांताक्रुज पूर्व के महाकाली मंदिर के पास छापेमारी कर निशांत शर्मा (20) और यशवर्धन बोमा (21) को गिरफ्तार किया। दोनों सांताक्रुज पूर्व के रहने वाले बताए गए हैं। उनके पास से हिरेन का चोरी हुआ काला स्मार्टफोन बरामद कर लिया गया। वाकोला पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।