बिल्लियों की संदिग्ध मौत का मामला: आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कर रही जांच

मुंबई : चेंबूर के पंजरापोल इलाके में पिछले कुछ समय से बिल्लियों की संदिग्ध मौत का मामला चौंकानेवाला निकला। स्थानीय पशु प्रेमी रुबीना पठान ने कई बिल्लियों के शव देखे थे और पिछले सप्ताह एक ही रात में छह बिल्लियों के क्षत-विक्षत शव मिलने के बाद आरसीएफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले में पेटा इंडिया ने भी हस्तक्षेप करते हुए आरोपी की जानकारी देने वाले को 50 हजार रुपये तक का इनाम घोषित किया था।

सीसीटीवी और मुखबिर से मिला सुराग
शिकायत के बाद आरसीएफ पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। साथ ही मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्ध की तलाश की गई। जांच के दौरान पुलिस को एक व्यक्ति पर संदेह हुआ, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में बिल्लियों को मारने की बात कबूली
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बिल्लियों को मारने की बात स्वीकार की। उसने कथित तौर पर बताया कि जिन स्थानों पर वह सोता था, वहां बिल्लियां शौच कर गंदगी करती थीं, जिससे वह गुस्से में आ गया और उसने बिल्लियों को मार दिया। हालांकि पुलिस उसके बयान की स्वतंत्र रूप से जांच कर रही है।

कितनी बिल्लियों की हुई मौत, जांच जारी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने वास्तव में कितनी बिल्लियों को मारा। पशु प्रेमी रुबीना पठान के अनुसार, इलाके में करीब दो दर्जन बिल्लियों के शव मिलने की बात सामने आई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय लोगों से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ रही है। घटना के बाद इलाके के पशु प्रेमियों में रोष है। उन्होंने बिल्लियों की मौत के जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस घटना में केवल गिरफ्तार आरोपी ही शामिल है या इसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *