मुंबई : असम के प्रिय गायक जुबिन गर्ग का सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान समुद्र में गिरने से दुखद निधन हो गया। वह 52 वर्ष के थे। निधन से एक दिन पहले ही उन्होंने सनटेक सिंगापुर कन्वेंशन एंड एग्ज़ीबिशन सेंटर में आयोजित चौथे नॉर्थईस्ट इंडिया फेस्टिवल 2025 में गाना गाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया था।
सुपरहिट गाने ‘गैंगस्टर’ का ‘या अली’ और ऋतिक रोशन की ‘कृष 3’ फिल्म का ‘दिल तू ही बता’ जैसे गाना गानेवाले जुबिन समुद्र में गिर गए थे और तुरंत सिंगापुर पुलिस ने उन्हें बचाकर अस्पताल पहुँचाया। हालांकि आईसीयू में डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन अंततः वे अपनी चोटों के कारण जीवन की जंग हार गए।
पूर्व सांसद और असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष रिपुन बोरा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “हमारे सांस्कृतिक प्रतीक जुबीन गर्ग के असमय निधन से गहरा सदमा और शोक हुआ। उनकी आवाज, संगीत और अटूट जोश ने असम और उससे परे कई पीढ़ियों को प्रेरित किया। उनके परिवार, प्रशंसकों और प्रियजनों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।”

जुबीन गर्ग न सिर्फ बेहतरीन गायक थे, बल्कि अभिनेता, संगीतकार, निर्देशक, निर्माता और पटकथा लेखक भी थे। असमिया संगीत जगत में उनका नाम काफी प्रभावशाली था। उन्होंने कन्नड़, कार्बी, मलयालम, मराठी, नेपाली, उड़िया, संस्कृत, सिंधी, तमिल, और तेलुगु समेत कई भाषाओं में संगीत दिया और फिल्मों में अभिनय किया।
उनकी खासियत यह थी कि उनकी आवाज में एक अलग तरह की ऊर्जा थी, जो सीधे दिल तक पहुंचती थी। जुबीन गर्ग ने हिंदी फिल्मों के साथ-साथ असमिया और बंगाली फिल्मों में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।