नवी मुंबई में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़, 9 महिलाओं को कराया गया मुक्त

तलोजा के लॉज पर क्राइम ब्रांच का छापा, लॉज मैनेजर समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

मुंबई : नवी मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मानव तस्करी और देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तलोजा क्षेत्र के एक लॉज में चल रहे कथित सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया। पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने गुप्त सूचना के आधार पर देर रात छापेमारी कर 9 महिलाओं को मुक्त कराया, जबकि लॉज मैनेजर सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, काफी समय से इस लॉज में देह व्यापार संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। सूचना की पुष्टि के बाद एक विशेष टीम गठित की गई। ग्राहक बनकर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने पूरे नेटवर्क की पुष्टि की, जिसके बाद छापेमारी की गई।
कार्रवाई के दौरान कई आपत्तिजनक दस्तावेज, मोबाइल फोन, नकदी और अन्य सामग्री भी जब्त की गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस गिरोह का संचालन कौन कर रहा था और क्या इसके तार मुंबई तथा अन्य शहरों से भी जुड़े हैं।
मुक्त कराई गई महिलाओं को आवश्यक चिकित्सकीय जांच के बाद सुरक्षित आश्रय गृह भेजा गया है। पुलिस उनके बयान दर्ज कर मानव तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (रोकथाम) अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नवी मुंबई में मानव तस्करी और देह व्यापार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे अवैध धंधों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *