मुंबई में सेंट्रल, वेस्टर्न और हार्बर रेलवे लाइनों पर कुल 238 एसी लोकल ट्रेनें चलाई जाएंगी

मुंबई : मुंबई में सेंट्रल, वेस्टर्न और हार्बर रेलवे लाइनों पर कुल 238 एसी लोकल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इनके निर्माण की समय-सीमा बढ़ा दी गई है, लेकिन मुंबईकरों में हर्ष है।
मुंबई रेल विकास निगम (MRVC) के एक अधिकारी ने बताया कि यह विस्तार संभावित बोलीदाताओं की ओर से उठाए गए सवालों और चिंताओं को दूर करने के लिए दिया गया है।
MRVC के मुंबई शहरी परिवहन प्रोजेक्ट (MUTP) के फेज 3 और 3A के तहत कुल 238 AC लोकल ट्रेनों का निर्माण किया जा रहा है। इस टेंडर प्रक्रिया का मूल्य 20,000 करोड़ रुपये से ज्यादा है। हालांकि जब यह प्रक्रिया पहले से ही चल रही थी। तभी MRVC ने एक शुद्धिपत्र जारी किया।
MRVC के अनुसार, ऑनलाइन बोली जमा करने की प्रक्रिया अब 19 जुलाई से शुरू होगी। पहले यह प्रक्रिया 18 मई से शुरू होने वाली थी। नतीजतन बोली जमा करने की अंतिम समय-सीमा, मूल दस्तावेज जमा करने की तारीख, और ई-टेंडर खोलने की प्रक्रिया अब 3 अगस्त को होगी। जो मूल रूप से 2 जून के लिए निर्धारित थी।
238 AC लोकल ट्रेनों के निर्माण का प्रोजेक्ट रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की अगुवाई वाली महत्वाकांक्षी पहलों में शामिल है। यह टेंडर प्रक्रिया पिछले दो सालों से चल रही है, लेकिन अभी तक पूरी नहीं हो पाई है। वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, खरीद प्रक्रिया में देरी के कई कारण हैं।
1- सेंट्रल और वेस्टर्न रेलवे की ओर से सुझाए गए तकनीकी और परिचालन संशोधन
2- उपनगरीय नेटवर्क में AC लोकल ट्रेनों को चरणबद्ध तरीके से शामिल करना
3- वैश्विक बोलीदाताओं की ओर से उठाए गए तकनीकी सवालों और शंकाओं की भारी संख्या
कितनी तेज दौड़ेगी एसी लोकल
प्रस्तावित 238 एसी लोकल ट्रेनों में से 47 ‘MUTP-III’ के तहत और 191 ‘MUTP-III A’ के तहत बनाई जानी हैं। यह भारतीय रेलवे की उपनगरीय वातानुकूलित ट्रेनों के लिए अब तक की सबसे बड़ी टेंडर प्रक्रिया है। इसमें निर्माण और रखरखाव दोनों की जिम्मेदारी संबंधित ठेकेदारों की होगी। नई एसी लोकल ट्रेनों को 130 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम गति तक पहुंचने के लिए डिजाइन किया गया है। ग्रेटर मुंबई क्षेत्र में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए इन नई ट्रेनों में कई आधुनिक सुविधाएं और अपग्रेड शामिल होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *