सांगली में आंधी-तूफान में मेले की दीवार गिरी, छह की मौत, 15 से अधिक घायल

महाराष्ट्र : महाराष्ट्र के सांगली जिले में जट तालुका के मोथेवाड़ी में मरगुबाई देवी मेले के दौरान दीवार गिरने से छह लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हो गए।
यह हादसा भारी बारिश और तूफानी हवाओं के कारण हुआ। अचानक आए तूफान से बचने के लिए मेले में आए श्रद्धालुओं ने एक बड़ी दीवार के पीछे शरण ली। ठीक उसी समय तेज हवाओं के कारण दीवार के सामने बना एक टीन शेड उड़कर दीवार से टकरा गया। इसके चलते लगभग 200 फीट लंबी वह दीवार तुरंत ढह गई। इस दुखद घटना में छह लोगों की जान चली गई, जबकि 15 से 17 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस मेले में महाराष्ट्र के साथ पड़ोसी राज्य कर्नाटक से भी हजारों श्रद्धालु आते हैं। मंगलवार शाम 4:00 बजे से 4:30 बजे के बीच मौसम ने अचानक करवट ली और भारी बारिश के साथ-साथ तेज तूफानी हवाएं चलने लगीं। बारिश से बचने के लिए कई श्रद्धालुओं ने दीवार के सहारे खड़े होकर शरण ली थी। लेकिन कुछ ही पलों में हवा की गति और तेज हो गई। दीवार के सामने लगा टीन का शेड उड़ गया और उसके दीवार से टकराने के जोरदार झटके से पूरी दीवार ढह गई।
इस घटना में मंगल भाऊसाहेब मोथे (उम्र 45, निवासी पडोंजरी), अरुण विजय गेजगे (उम्र 14, निवासी डोमनल), सोनू लक्ष्मण गेजगे (उम्र 14, निवासी डोमनल तालुका और जिला विजयपुरा, कर्नाटक), कोंडिबा सौबा गेजगे (उम्र 65, निवासी दारीबादची), संजूबाई राम चौधरी (उम्र 51, निवासी टक्कलकी, कर्नाटक) और शंकर आबा लोखंडे (उम्र 75, निवासी दारीबादची) की मौत हो गई। घटना में 15 से 17 अन्य लोग भी घायल हो गए हैं और फिलहाल अलग-अलग अस्पतालों में उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद प्रशासन अलर्ट मोड में है और घायलों का इलाज कराने को तत्पर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *