मुंबई : मुंबई के ताज और ट्राइडेंट होटल को आतंकी हमला कर उड़ाने की धमकी देने वाले व्यक्ति को सायन से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ की जा रही है।
बता दें कि बुधवार को होटल प्रबंधन को एक धमकी भरा कॉल मिला। कॉलर ने फोन पर दावा किया कि इन दोनों होटलों में आतंकवादी हमला होने वाला है। धमकी मिलने के तुरंत बाद होटल प्रबंधन ने इसकी सूचना मुंबई पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं। दोनों होटलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और चप्पे-चप्पे पर निगरानी बढ़ा दी गई। बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर सघन जांच अभियान चलाया। मुंबई पुलिस के अनुसार, धमकी भरे कॉल को गंभीरता से लेते हुए तुरंत सुरक्षा बढ़ा दी गई और कॉलर की पहचान करने के लिए तकनीकी टीम को लगाया गया। इस मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कॉलर को ट्रेस कर मुंबई के सायन इलाके से उसे हिरासत में ले लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
मुंबई पुलिस ने बताया कि आरोपी ने शराब के नशे में धमकी भरा कॉल किया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह अपने घरेलू समस्याओं से परेशान था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। पुलिस के अनुसार, आरोपी हाउसकीपिंग का काम करता है और उससे पूछताछ जारी है।