महाराष्ट्र एमएमआर, कोकण और विदर्भ में भीषण गर्मी, प्रशासन ने घरों से न निकलने की दी सलाह

मुंबई : महाराष्ट्र के मुंबई ही नहीं बल्कि एमएमआर, कोकण और विदर्भ सहित अन्य कई जिलों में भीषण गर्मी पड़ रही है। 25 एवं 26 अप्रैल को तापमान 45 डिग्री पार कर गया। इससे लोग हलकान हैं। शनिवार को मुंबई में कई जगह पारा 40 डिग्री, तो एमएमआर में 43 डिग्री सेल्सियस से पार चला गया था। कोकण और विदर्भ में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा होने पर लोगों की हालत पस्त हो गई है।
भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार दोपहर के वक्त तेज धूप में लोग घर से बाहर निकलने से बचें। डॉक्टरों ने पर्याप्त पानी पीने और हल्का भोजन करने की सलाह दी है। लू लगने या डिहाइड्रेशन की स्थिति में तत्काल अस्पताल का रुख करने को कहा गया है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले एक-दो दिन तापमान मौजूदा आंकड़ों के इर्द- गिर्द ही रहेगा।

कहां क्या था तापमान
मुलुंड, भांडुप, विक्रोली और आसपास तापमान 40 डिग्री के इर्द-गिर्द रहा। दादर (34C), जुहू (33.9C), कोलाबा (33.7C) में स्थिति थोड़ी सामान्य थी, लेकिन यहां लोग हलकान दिखे।

MMR में अंबरनाथ (43.8C), मनोर (43.7C), तलोजा (43.4C), कल्याण (43.3C), मोरबे (43.2C), बदलापुर (43.1C) और डोंबिवली (43C) में भीषण गर्मी पड़ी। नवी मुंबई के खारघर (42.9C), दीघा (42.7C), ऐरोली (42.5C), पनवेल (41.5C), कोपरखैरणे (41.2C) और इंटरनैशनल एयरपोर्ट (40C) में पारा पीक पर रहा। इसके अलावा ठाणे के कलवा-दिवा (42.1C), ठाणे शहर (41.7C) पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया। तटीय क्षेत्रों में तापमान अपेक्षाकृत नियंत्रित रहा। बेलापुर (38.8C), विरार (37.9C), नेरुल (37.7C), डहाणू (36.6C), उत्तान (36.3C), रत्नागिरी (36C) और हार्ने (33.6C) में अपेक्षाकृत कम तापमान दर्ज किया गया।
कोंकण का तापमान 40 से 45 डिग्री के बीच रहा। चिपलुन (44C), अंबेर-तमाने (42.2C), महाड- बिरवाडी में सबसे अधिक तापमान 45.1C दर्ज किया गया, जबकि कर्जत (45C), सुकसले (44.8C), भाटसानगर (44.7C), नेरल (44.6C) और पलावा (44.1C) में भी उच्चतम तापमान दर्ज किया गया। वही, विदर्भ में अकोला और अमरावती में 45.6C, वर्धा में 45.5C और नागपुर और चंद्रपुर में 44.2C तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार भीतरी कोकण और विदर्भ में गर्मी की तीव्रता में काफी समानता पाई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *