आरोपी के ठिकाने से बीपीएल, एचपी और भारत गैस कंपनियों के टैंक, दो ईंधन भरने की मशीनें, एक इलेक्ट्रिक मोटर, एक नोजल पाइप और दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू जब्त
महाराष्ट्र/अहमदनगर : अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध की वजह से भारत में घरेलू एलपीजी गैस की किल्लत न हो इसके लिए कमर्शियल गैस सिलिंडर की आपूर्ति पर सरकार ने रोक लगा दी है। इस रोक की वजह से कमर्शियल गैस का इस्तेमाल करने वालों को भारी परेशानी हो रही है, जबकि इस धंधे से जुड़े कुछ लोग कालाबाजारी कर माल बनाने में जुट हुए हैं। हालांकि, राशनिंग विभाग भी अलर्ट है और छापेमारी कर कार्रवाई कर रहा है।
इसी के तहत 10 मार्च को महाराष्ट्र के अहमदनगर जिला अंतर्गत संगमनेर रोड- श्रीरामपुर के एक गली में छापेमारी कर एलपीजी गैस की कालाबाजारी करते जिला आपूर्ति विभाग ने एक व्यक्ति को पकड़ा और 87,400 रुपये का सामान जब्त करते हुए उस पर मामला दर्ज कर लिया।
अहमदनगर के श्रीरामपुर शहर के केंद्रीय बाजार क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों से व्यावसायिक टैंकों में अवैध रूप से गैस भरे जा रहे थे। जिला आपूर्ति विभाग ने छापेमारी में 87400 रुपए मूल्य का सामान जब्त कर लिया और आरोपी शोएब ददामिया शेख के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। आरोपी के ठिकाने से बीपीएल, एचपी और भारत गैस कंपनियों के टैंक, दो ईंधन भरने की मशीनें, एक इलेक्ट्रिक मोटर, एक नोजल पाइप और दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू जब्त किए गए।
इस कर्रवाई में जिला आपूर्ति अधिकारी हेमा बाडे के आदेश पर खाद्य वितरण अधिकारी सपना भोवाटे, निरीक्षण अधिकारी शिवराज पवार, सुदर्शन केदार, राजेंद्र शिंदे, सुहास पुजारी और पुलिस कर्मी शामिल थे। आपूर्ति निरीक्षक अधिकारी राजेंद्र शिंदे की शिकायत पर भारतीय दंड संहिता और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। राजस्व सहायक योगेश खंडागले और रूपाली शिंदे ने इस कार्य में सहयोग किया।