सरकार ने मालाड-मालवणी मुक्तेश्वर क्षेत्र की 118 एकड़ जमीन धारावी रीडेवलपमेंट प्रॉजेक्ट को सौंपी

मुंबई : महाराष्ट्र राज्य सरकार ने धारावी पुनर्विकास प्रॉजेक्ट को बढ़ाने के लिए मालाड-मालवणी के मुक्तेश्वर क्षेत्र की 118 एकड़ जमीन धारावी रीडेवलपमेंट प्रॉजेक्ट (DRP) को सौप दी है। इस जमीन पर धारावी के अपात्र नागरिकों को बसाया जाएगा।
इससे पहले कुर्ला की मदर डेयरी की जमीन और मुलुंड की जमास साल्ट पैन लैंड भी DRP को दी जा चुकी है। इन स्थानों पर ऊपरी मंजिलों में रहने वाले निवासियों तथा 1 जनवरी 2011 के बाद और 15 नवंबर 2022 से पहले धारावी में बसे लोगों को आवास उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रॉजेक्ट की शर्तों के मुताबिक, पात्र और अपात्र निवासियों को मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) के भीतर आधुनिक सुविधाओं से युक्त टाउनशिप में बसाया जाएगा। मलाड की जमीन का मालिकाना हक DRP और झोपड़पट्टी पुनर्विकास प्राधिकरण (SRA) के पास रहेगा, जबकि विशेष उद्देश्य कंपनी (SPV) को केवल निर्माण कार्य का अधिकार होगा।

118 एकड़ जमीन का अनुमानित मूल्य करीब 540 करोड़ रुपये है। इसमें से 135 करोड़ रुपये नवभारत मेगा डिवेलपर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा विकास अधिकार प्रीमियम के रूप में जमा कराए जा चुके हैं। मुक्तेश्वर क्षेत्र की कुल 140 एकड़ में से 22 एकड़ जमीन का मामला फिलहाल अदालत में लंबित है।
धारावी प्रॉजेक्ट के तहत MMR में 540 एकड़ जमीन चिन्हित की गई है, जिसमें कुर्ला, भांडुप और मुलुंड के साल्ट पैन क्षेत्र और देवनार डपिंग ग्राउंड का हिस्से शामिल है। करीब 10 लाख लोगों के पुनर्वास के लिए 1.25 से 1.5 लाख किफायती घर बनाने की योजना है।

नोट : खबर के साथ लगाई गई धारावी की फाइल फोटो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *