महाराष्ट्र में बस के यात्रियों को रखना होगा नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड

परिवहन मंत्री और एसटी महामंडल के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक ने किया ऐलान

मुंबई : महाराष्ट्र में रहने वाले एवं बसों में यात्रा करने वालों के लिए बहुत ही जरूरी खबर है। महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल (एसटी) ने यात्रियों के लिए ‘नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड’ (NCMC) लागू करने का फैसला लिया है।

परिवहन मंत्री और एसटी महामंडल के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक।

परिवहन मंत्री और एसटी महामंडल के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक ने बताया कि अब विभिन्न सामाजिक रियायतों का लाभ लेने के लिए यह स्मार्ट कार्ड जरूरी होगा। यह सिर्फ तकनीकी बदलाव नहीं, बल्कि यात्रियों के भरोसे को मजबूत करने वाला कदम है। इस कार्ड के जरिए रियायतों का सही रिकॉर्ड, कैशलेस भुगतान और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इस परियोजना के लिए एसटी ने ईबिक्स टेक्नोलॉजिस लिमिटेड और एनएसडीएल पेमेंट्स बैंक के साथ करार किया है। जल्द ही सभी डिपो में रजिस्ट्रेशन अभियान शुरू होगा और अब सभी को यह कार्ड रखना जरूरी होगा।
नई योजना के तहत छात्रों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, दिव्यांग यात्रियों, स्वतंत्रता सेनानियों, अधिस्वीकृत पत्रकारों और राज्य स्तरीय पुरस्कार विजेताओं को NCMC कार्ड दिया जाएगा। छात्रों का कार्ड ‘सरल’ नंबर से, वरिष्ठ नागरिक और महिलाओं का आधार से तथा दिव्यांग यात्रियों का UDID नंबर से जोड़ा जाएगा। कार्ड की कीमत 199 रुपये (GST सहित) तय की गई है, जबकि पुराना स्मार्ट कार्ड जमा करने पर यह 149 रुपये में मिलेगा।
कार्ड में कम से कम 100 रुपये बैलेंस रखना होगा और 50 रुपये के गुणक में रिचार्ज किया जा सकेगा। रिचार्ज ईटीआईएम मशीन, वेबसाइट, मोबाइल ऐप या अधिकृत एजेंट के माध्यम से होगा। ज्येष्ठ नागरिकों और महिलाओं की सुविधा के लिए 3000 से ज्यादा एजेंट नियुक्त किए गए हैं। बस स्टैंड पर ही रजिस्ट्रेशन की सुविधा मिलने से ग्रामीण यात्रियों को भी राहत मिलेगी। एसटी का यह कदम सफर को आसान व सुरक्षित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *